डांग के सापूतारा में बेमौसमी बारिश, भीषण गर्मी से लोगों को मिली राहत

अहमदाबाद | शहर समेत गुजरातभर में भीषण गर्मी का कहर जारी है| अहमदाबाद समेत राज्य के विभिन्न शहरों का तापमान 43 डिग्री के करीब पहुंच गया है| हांलाकि मौसम विभाग ने अगले सप्ताह गर्मी में आंशिक राहत मिलने के संकेत दिए हैं| इस बीच आज दक्षिण गुजरात के डांग जिले के सापूतारा का अचानक मौसम बदला और बारिश शुरू हो गई| हिल स्टेशन सापूतारा के अचानक बदले मौसम से भीषण गर्मी से परेशान लोगों को आंशिक राहत मिली है| मौसम विभाग के मुताबिक गुजरात के कई जिलों में बेमौसमी बारिश हो सकती है| जिसमें बनासकांठा, साबरकांठा, वडोदरा, सूरत, पाटण, गांधीनगर जिले शामिल हैं| इसके अलावा सौराष्ट्र और कच्छ में भी बेमौसमी बारिश होने की संभावना है| आगामी 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई ज्यादा फर्क पड़ने की संभावना है और उसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री कम हो सकता है| हांलाकि अहमदाबाद समेत राज्यभर में आज गर्मी ने अपने कड़े तेवर दिखाए| गुजरात में सबसे अधिक गर्मी वडोदरा में महसूस की गई जहां तापमान 42.4 डिग्री दर्ज हुआ| वहीं अहमदाबाद में 42.1 डिग्री, डीसा में 41.2 डिग्री, गांधीनगर में 41.6 डिग्री, वल्लभविद्यानगर में 41.6 डिग्री, अमरेली में 42 डिग्री, सुरेन्द्रनगर में 41.7 डिग्री, राजकोट में 40.9 डिग्री, भुज में 40.6 डिग्री, कंडला एयरपोर्ट में 40.7 डिग्री, भावनगर में 39.3 डिग्री और सूरत में 40.8 डिग्री तापमान दर्ज हुआ|
