दीक्षांत समारोह में विधायक को मुख्य अतिथि नहीं बनाने पर एनएसयूआई ने मचाया हंगामा

बिलासपुर । भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन ने अटल बिहारी वाजपेयी यूनिवर्सिटी में बुधवार को जमकर विरोध प्रदर्शन किया और कुलपति कक्ष में घुसकर जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ता इस बात को लेकर आक्रोशित थे कि १४ सितंबर को होने वाले दीक्षांत समारोह जैसे बड़े आयोजन में स्थानीय विधायक शैलेश पांडेय की अनदेखी किस आधार पर की गई। क्या विवि प्रबंधन जानबूझकर जन-प्रतिनिधि का अपमान करना चाहता है। ऐसा अगर गलती से भी हुआ तो निदंनीय है। अगर दीक्षांत समारोह के निमंत्रण पत्र में विधायक का नाम बतौर मुख्य अतिथि शामिल नहीं किया गया तो दीक्षातं समारोह का आयोजन नहीं होने दिया जाएगा। कुलपति द्वारा विधायक को समारोह में बुलाए जाने के आश्वासन के बाद विरोध प्रदर्शन समाप्त हुआ। छात्रों ने इस बात के लिए भी विरोध जताया कि ऐसा जनप्रतिनिधि जो शिक्षा जगत से संबंधित हैं और अपने जीवन के १७ साल इसमें दिया हैा। ऐसे आयोजन में इन्हें नहीं बुलाया जाना निंदनीय है। इससे विवि की गरिमा आहत हुई है। अतिथियों की लिस्ट में विधायक का नाम अविलंब शामिल किया जाए।
छात्रों को क्या संदेश मिलेगा
एनएसयूआई के प्रदेश सचिव सोहेल खलिक बुधवार को अपने समर्थकों के साथ विवि पहुंचे और दीक्षांत समारोह में विधायक को नहीं बुलाए जाने के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कुलसचिव कक्ष में प्रदर्शन शुरु कर दिया। उन्होंने कुलपति व कुलसचिव के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए कहा कि विवि के इस कृत्य से छात्रों में क्या सदेश जाएगा। जहां दीक्षांत जैसे बड़े आयोजन में जनप्रतिनिधियों की अनदेखी और अपमान किया जाता है। ये शर्मनाक है, विधायक का नाम अविलंब शामिल किया जाए। अन्यथा मामले की शिकायत सीएम भूपेश बघेल से की जाएगी।
प्रस्ताव कार्यपरिषद को भेजा गया
विरोध प्रदर्शन के बाद कुलसचिव प्रो. सुधीर शर्मा ने विधायक का नाम आयोजन में शामिल करने का प्रस्ताव कार्यपरिषद को भेजा है। कार्यपरिषद की सहमति के बाद आगे की प्रक्रिया होगी और मुख्य अतिथियों की बनाई गई नोटशीट को संशोधित कर इसे वेबसाइट में डाला जाएगा।
