नेशनल सिक्योरिटी गार्ड के ग्रुप कमांडर ने संक्रमण से दम तोड़ा,

नेशनल सिक्योरिटी गार्ड के ग्रुप कमांडर ने संक्रमण से दम तोड़ा, हालत बिगड़ने के बाद ICU बेड नहीं मिल पाया

बीरेंद्र ने 1993 में BSF ज्वॉइन की थी। अभी वे NSG में ग्रुप कमांडर थे। 

नई दिल्ली नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) में कोरोना से पहली मौत हुई है। बुधवार को दिल्ली में NSG के ग्रुप कमांडर बीरेंद्र कुमार झा ने संक्रमण से दम तोड़ दिया। मीडिया रिपोर्ट़्स के मु़ताबिक उन्हें समय पर ICU बेड नहीं मिल पाया। इस वजह से उनकी मौत हो गई। बीरेंद्र 22 अप्रैल को पॉजिटिव हुए थे। जिसके बाद उन्हें नोएडा के एक हॉस्पिटल में एडमिट किया गया था। तब उनकी हालत ठीक थी। लेकिन 4 मई की शाम अचानक बीरेंद्र की हालत बिगड़ गई। उनका ऑक्सीजन लेवल काफी नीचे आ गया।

बीरेंद्र जिस हॉस्पिटल में भर्ती थे, वहां ICU बेड खाली नहीं था। इस वजह से उन्हें रेफर कर दिया गया। किसी भी अस्पताल में ICU बेड न मिलने पर दिल्ली में जानकारी की गई। इसी में काफी वक्त निकल गया। दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल ले जाते वक्त बीरेंद्र ने दम तोड़ दिया। देश के सबसे बेहतरीन सुरक्षा बल NSG में कोरोना से यह पहली मौत बताई जा रही है।

1993 में BSF ज्वॉइन की थी

NSG के सोशल मीडिया अकाउंट पर बताया गया है कि बीरेंद्र कुमार ने 1993 में BSF ज्वॉइन की थी। 53 साल के बीरेंद्र बिहार के रहने वाले थे। BSF से वह 2018 में प्रतिनियुक्ति पर NSG में शामिल हुए थे।
अब तक NSG में संक्रमण के 430 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 59 का अभी इलाज चल रहा है।

दिल्ली में हालात काफी खराब

देश की राजधानी दिल्ली में मंगलवार को 19,953 नए केस आए हैं। यहां अभी करीब 92 हजार एक्टिव केस हैं। आसपास के शहरों नोएडा और गुड़गांव में भी मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। मरीजों के दबाव से हॉस्पिटल में बेड और ऑक्सीजन की कमी हो गई है। यही वजह है कि यहां मौत के आंकड़े भी बढ़ते जा रहे हैं।

Leave a Reply