पंचायत चुनाव की बजी रणभेरी, तीन अप्रैल से शुरू होंगे नामांकन, दो मई  को होगी मतगणना

लखनऊ । यूपी में गांवों की सरकार बनाने का कार्यक्रम घोषित हो गया है। पंचायत चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम में मुताबिक पंचायत चुनाव की प्रक्रिया तीन अप्रैल से शुरू हो जाएगी। 3, 7, 13 और 17 अप्रैल से चारों चरण के लिए अलग-अलग नामांकन होंगे। हर चरण के नामांकन के लिए दो दिन रखा गया है। 15, 19, 26 व 29 अप्रैल को मतदान  होगा जबकि 2 मई को मतगणना होगी। तारीखों के ऐलान के साथ ही आज से ही प्रदेश में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है।  
इस बार ग्राम पंचायतों की संख्या 58,189 है जबकि ग्राम पंचायतों के वार्डों की संख्या  7,32,563 है। क्षेत्र पंचायतों की संख्या 826 और क्षेत्र पंचायतों के वार्डों की संख्या रू 75,855 है। जिला पंचायत 75 हैं। इस बार प्रदेश में  80,762 मतदान केंद्र होंगे। कुल 12.39 करोड़ मतदाता है इसने में पुरुष मतदाता 53.01 प्रतिशत और महिला मतदाता 46.99 प्रतिशत हैं। 
पहले चरण में इन जिलों में गाजियाबाद, सहारनपुर, रामपुर, बरेली, हाथरस, आगरा, कानपुर नगर, झांसी, महोबा, प्रयागराज, रायबरेली, हरदोई, अयोध्या, श्रावस्ती, संतकबीर नगर, गोरखपुर, जौनपुर, भदोही में वोटिंग होगी। पहले चरण के लिए 3 अप्रैल और 4 अप्रैल को नामांकन भरे जाएंगे। 5 और 6 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 7 अप्रैल को उम्मीदवारी वापस ली जा सकती है। 7 अप्रैल को दोपहर तीन बजे के बाद चुनाव चिन्ह का आवंटन होगा पहले चरण का मतदान 15 अप्रैल को होगा। 
वहीं दूसरे चरण में मुजफ्फरनगर, बागपत, गौतमबुध नगर, बिजनौर, अमरोहा, बदायूं, एटा, मैनपुरी, कन्नौज, इटावा, ललितपुर, चित्रकूट, प्रतापगढ़, लखनऊ, लखीमपुर खीरी, सुल्तानपुर, गोंडा, महाराजगंज, वाराणसी और आजमगढ़ जिले में मतदान होगा। दूसरे चरण के नामांकन 7 और 8 अप्रैल होंगे। नामांकन पत्रों की जांच 9 और 10 अप्रैल को होगी। 11 अप्रैल को तीन बजे तक पर्चा वापस लेने का समय है। इसी दिन तीन बजे के बाद चुनाव चिन्ह का आवंटन होगा दूसरे चरण का मतदान 19 अप्रैल को होगा। 
इसी प्रकार तीसरे चरण के लिए शामली, मेरठ, मुरादाबाद, पीलीभीत, कासगंज, फिरोजाबाद, औरैया, कानपुर देहात, जालौन, हमीरपुर, फतेहपुर, उन्नाव, अमेठी, बाराबंकी, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, देवरिया, चंदौली, मिर्जापुर और बलिया जिले में मतदान होगा। तीसरे चरण के लिए 13 और 15 अप्रैल को पर्चे भरे जाएंगे। 16 और 17 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 18 अप्रैल को दोपहर तीन बजे तक उम्मीदवारी वापस लेने का समय तय किया गया है। 18 अप्रैल को तीन बजे के बाद चुनाव चिन्ह का आवंटन होगा और तीसरे चरण का मतदान 26 अप्रैल को होगा।
जबकि चैथे चरण में बुलंदशहर, हापुड़, संभल, शाहजहांपुर, अलीगढ़, मथुरा, फर्रुखाबाद, बांदा, कौशांबी, सीतापुर, अंबेडकरनगर, बहराइच, बस्ती, कुशीनगर, गाजीपुर, सोनभद्र और मऊ जिले में मतदान होगा। चैथे चरण के लिए 17 और 18 अप्रैल को नामांकन भरे जाएंगे। 19 और 20 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 21 अप्रैल को तीन बजे तक नामांकन पत्र वापस लिए जा सकते हैं। 21 अप्रैल को ही तीन बजे के बाद चुनाव चिन्ह का आवंटन होगा चैथे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा। वहीं सभी चरणों में हुए मतदान की गिनती दो मई को होगी।

Leave a Reply