पानी भरे गड्ढों में डूबने से अलग-अलग घटनाओं में 6 बच्चों की मौत

बिहार के छपरा में बारिश का पानी छोटे बच्चों पर कहर बनकर टूटा है. आज यानी शुक्रवार सुबह से अब तक 6 बच्चों की पानी में डूबने से मौत हो गई है. ताजा मामला इसुआपुर के उसरी गांव का है जहां एक साथ 3 बच्चों की बरसाती पानी में डूबने से जान चली गई.
उसरी कला में तीन बच्चों की मौत
बताया जा रहा है कि उसरी कला गांव में चिमनी ईंट भट्ठे के लिये मिट्टी कटाव से बने गड्ढे के पानी में डूबने से 3 बच्चों की मौत हो गई. मृतकों में उसुरी के विशाल, धनु कुमार व प्रियांशु कुमार के नाम शामिल हैं. बच्चों के शव को पुलिस ने बरामद कर लिए हैं, वहीं डीएम के आदेश पर इसुआपुर के सीओ मौके पर कैंप कर रहे हैं.
जमुना मुसहरी में दो बच्चियों की डूबने से मौत
इसके पूर्व सदर प्रखंड के जमुना मुसहरी गांव में दो बच्चियों की मौत बरसात के पानी में डूबने से हो गई. वहीं इसुआपुर में ही एक अन्य घटना में एक बच्चे की मौत हो गई.
5 दिनों से लगारात हो रही बारिश
गौरतलब है कि छपरा में पिछले 5 दिनों से लगातार बारिश हो रही है जिसके कारण कई जगह गड्ढों में पानी भर गया है. इनमें बच्चे खेलने के लिए जा रहे हैं और हादसे का शिकार हो रहे हैं.
ऐसे मामलों में प्रशासनिक लापरवाही भी उजागर हो रही है क्योंकि अवैध रूप से मिट्टी खनन के बाद बने गड्ढे बच्चों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं.
