पुणे में सिलेंडर लीकेज के बाद घर में लगी आग, 10 लाख कैश और 40 तोला गोल्ड जलकर हुआ खाक

पुणे| सोमवार को शहर के वाघोली इलाके में सिलेंडर ब्लास्ट के बाद एक घर में आग लग गई। इस अग्निकांड में घर में रखा 10 लाख रुपए कैश और 40 तोला गोल्ड जलकर खाक हो गया। दोपहर 1 बजे लगी इस आग पर दमकल विभाग की तीन गाड़ियों को पूरी तरह से काबू करने में 1 घंटे का समय लगा, लेकिन तब तक घर में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भावड़ी गांव परिसर के भैरवनाथ मंदिर के पास रहने वाले बाला साहब दगडू तांबे के घर में यह आग लगी है। पुलिस के मुताबिक, सिलेंडर में लीकेज की वजह से यह आग लगी है। आग लगने के तुरंत बाद घर पर मौजूद तांबे की पत्नी बाहर भागी और उनकी जान बच गई। घटना के बाद पुलिस और गैस कंपनी विभाग द्वारा पंचनामा किया गया है।
राख के ढेर में तलाश रहे गोल्ड
बाला साहब ने घर बनाने के लिए 10 लाख रुपए जमा किए थे। पैसे उनकी अलमारी में रखे थे। बाला साहब ने बताया,'मेरी जीवन भर की कमाई जलकर खाक हो गई। सिलेंडर लीकेज की वजह से यह हादसा हुआ है इसलिए गैस कंपनी को इसका मुआवजा देना चाहिए। घर पर रखा 40 तोले सोना पिघल गया है। राख के ढेर में हम उसकी तलाश कर रहे हैं।"
