मुंबई में 5, पुणे-ठाणे और मीरा भायंदर में 1-1 संक्रमित मिले

मुंबई| महाराष्ट्र में ब्रिटेन से लौटे 8 लोगों में कोरोना का नया स्ट्रेन मिला है। इन आठ लोगों में से पांच मुंबई, एक पुणे, एक ठाणे और एक मीरा भायंदर से है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बताया कि सभी को क्वारैंटाइन कर दिया गया है और कॉन्ट्रैक्ट ट्रेसिंग के काम जारी है।
राज्य में लगने वाला नाइट कर्फ्यू भी कल सुबह 6 बजे समाप्त हो रहा है। इससे पहले राज्य में 8 मरीजों में नए स्ट्रेन मिलने की जानकारी चिंता बढ़ाने वाली है। हालांकि, कोरोना के नए खतरे को देखते हुए केंद्र सरकार ब्रिटेन समेत कई यूरोपियन देशों से आने वाली फ्लाइट्स पर पाबंदी लगा दी थी।
पिछले 24 घंटे में मिले 3282 नए मरीज
कोरोना के नए स्ट्रेन को देखते हुए राज्य सरकार ने सतर्कता और बढ़ा दी है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में 3282 नए मरीज मिले हैं। इसी दौरान 2064 लोग ठीक होकर अपने घर गए हैं। पिछले 24 घंटे में राज्य में 35 लोगों की मौत हुई है। महाराष्ट्र में अब सक्रिय केस 55471 हैं। राज्य में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 19 लाख 42 हजार 136 तक पहुंच चुका है।
