फेसबुक फ्रेंड ने अंतरंग वीडियो साझा करने की धमकी देकर लड़की से ऐंठे डेढ़ लाख रुपये

यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर में एक लड़की को एक फेसबुक फ्रेंड ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए और फिर दोनों के अंतरंग वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर लड़की से करीब डेढ़ लाख रुपये ऐंठ लिए। लड़की के फेसबुक फ्रेंड को यमुनानगर पुलिस ने पुणे से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को यमुनानगर जिला अदालत ने चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस ने बताया कि एक लड़की ने अपने एक फेसबुक फ्रेंड पर आरोप लगाए कि उसने दोस्ती कर नजदिकियां गांठी। फिर शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान वह पीड़िता के साथ अपने निजी पलों के वीडियो भी बनाता रहा। जब एक दिन पीड़िता को एहसास हुआ कि फेसबुक फ्रेंड उसका इस्तेमाल कर रहा है तो उसने उसपर शादी करने का दबाव बनाया। लेकिन फेसबुक फ्रेंड शादी के वायदे से मुकर गया। यही नहीं, उसने लड़की के निजी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उससे करीब डेढ़ लाख रुपये भी ऐंठ लिए। पुलिस ने बताया कि आरोपी युवक मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है और पुणे में जॉब करता है। पीड़िता की शिकायत मिलने के तुरंत बाद बलात्कार सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया और अगले ही दिन यमुनानगर पुलिस बाई-एयर पुणे पहुंच गई। जहां पुणे पुलिस के सहयोग से उसने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
