मैं तो मंदिर-मस्जिद जा रहा हूं, वह सिर्फ मंदिर, दिग्विजय ने साध्वी प्रज्ञा पर कसा तंज 

भोपाल । प्रदेश कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भाजपा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर पर तंज कसते हुए कहा कि मैं तो मंदिर-मस्जिद दोनों जगह जा रहा हूं, लेकिन वह सिर्फ मंदिर में जा रही है। भोपाल सीट से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह ने दूसरे दिन भी अल्पसंख्यक क्षेत्र में पैदल रोड शो किया। चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि मैं मंदिर हो या मस्जित दोनों जगह जा रहा हूं। लेकिन वे सिर्फ मंदिरों में ही माथा टेक रही हैं। साध्वी अपने और मैं अपने तरीके से काम कर रहा हूं। पैदल रोड शो के दौरान दिग्विजय का कई स्थानों पर स्वागत किया गया। उधर, सिंह प्रचार के दौरान लोगों से बातचीत करते भी नजर आए। उन्होंने लोगों से उनकी समस्याएं भी सुनी। तब उन्होंने कहा कि 30 साल से आपने भाजपा का सांसद यहां से चुनकर भेजा है। एक बार मुझे आजमाकर देख लीजिए। मैं बिना फीस के वकील के रूप में आपकी पैरवी करूंगा। सिंह ने तलैया, हाथीखाना, बुधवारा, इस्लामपुरा, मंगलवारा, भारत टॉकीज, ऐशबाग फाटक, जिंसी चौहारा तक रोड शो किया। प्रचार के दौरान दिग्विजय सिंह ने कहा कि बीते 15 साल में भाजपा ने सिर्फ भ्रष्टाचार का काम किया है।
     कांग्रेस की सरकार ने गरीबों के आवासों के लिए भाजपा प्रदेश सरकार को जो रकम दी थी उसे ठेकेदारों को बांटकर घटिया निर्माण कराया गया। बीते सालों में सिर्फ भाजपा ने खाने का काम किया है। बता दें कि दिग्विजय सिंह ने 11 नंबर स्टॉप पर चुनाव कार्यालय का उद्घाटन भी किया। स्टेट बैंक कॉलोनी के पास जब दिग्विजय सिंह पहुंचे तो स्थानीय लोगों ने उनसे तैयार रथ पर सवार होने का आग्रह किया। लेकिन दिग्विजय सिंह ने रथ पर बैठने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि जमीनी लोग जमीन पर चलते हैं, रथ पर नहीं। साथ ही सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की निष्क्रियता के कारण क्षेत्र में विकास नहीं हो सका है। क्योंकि भाजपा को हमेशा से यही लगता है भोपाल से वैसे ही चुनाव जीत जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन्ही समस्याओं और विकास के मुद्दे पर मैं आपके सामने खड़ा हूं।

Leave a Reply