यात्रियों को नशीली चाय पिला करते थे लूटपाट, पुलिस ने किया गिरफ्तार

मुंबई। पश्चिम रेलवे की बांद्रा रेल पुलिस ने एक ऐसे शातिर लूटेरा को गिरफ्तार किया है जो चाय में नशीली दवा डाल कर यात्रियों को बेहोश कर देता था और फिर मौका पाकर उनका कीमती सामान ले उड़ता था. आरोपी के पास से पुलिस ने 13 मोबाइल फोन बरामद किया है. गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम हमीद खान है. प्राप्त जानकारी के अनुसार 9 मार्च को दीपक शर्मा नामक यात्री बांद्रा से राजस्थान के बीकानेर जा रहा था. इस दौरान वह बांद्रा टर्मिनल्स के स्टेशन प्रतीक्षालय में बैठकर ट्रेन का इंतज़ार कर रह था. आरोपी हमीद खान ने उसे देखा और उससे पूछा आप कहां जा रहे हो. बातचीत के दौरान दोनों में दोस्ती बढ़ी, तो हमीद ने दीपक से चाय पीने का आग्रह किया. इस दौरान दोनों चाय पीने गए. चाय पीने के दौरान हमीद ने बड़ी चालाकी से दीपक शर्मा की चाय में बेहोशी की गोली डाल दी. चाय पीने के बाद कुछ देर में शर्मा बेहोश हो गए. मौका पाकर हमीद दीपक के सभी कीमती सामान लेकर वहां से भाग गया. बांद्रा टर्मिनस में तैनात पुलिस ने शर्मा को बेहोश पाया, तो उसे भाभा अस्पताल लेकर गए. कुछ समय बाद जब उसे होश आया, तो उसने पुलिस को पूरी कहानी बताई. रेलवे पुलिस ने स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और मुखबिर द्वारा दी गई सूचना के आधार पर कुर्ला के निवासी हामिद खान को गिरफ्तार किया. उसके पास से 13 मोबाइल फोन और 2 लाख 8 हजार रुपए के अन्य सामान मिले. साथ ही 20 नशीली गोलियां और 5 से 10 गोलियों के पाउडर भी बरामद किए गए हैं. बताया गया है कि हामिद खान के ऊपर इसी तरह के कई और मामले दर्ज हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

Leave a Reply