अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर करते थे ब्लैकमेल

फतेहाबाद। फतेहाबाद में पुलिस ने एक ऐसे गैंग को गिरफ्तार किया है, जो लोगों को महिलाओं के रंग-रूप के जाल में फंसा कर ब्लैकमेल करने का रैकेट चला रहा था। गिरफ्तार लोगों में गैंग की मुखिया आरोपी महिला समेत 4 लोग शामिल हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड लेने की कार्रवाई में जुटी हुई है। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी सुभाष चंद्र ने बताया कि पंजाब के बलरा (मूनक) निवासी अमनदीप ने पुलिस को इस मामले की सूचना दी थी। उसने बताया कि गांव बबनपुर (फतेहाबाद) निवासी उसके फूफा बलवंत सिंह को दो महिला और तीन आदमी फोन करके अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहे हैं। गैंग द्वारा 2 लाख रुपये की मांग की जा रही है। डीएसपी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने एक रेडिंग पार्टी तैयार की और पीडि़त व्यक्ति को 40 हजार रुपये के नोट दिए और इन नोटों के नंबर पुलिस ने नोट कर लिए थे।
इसके बाद रतिया की अनाजमंडी में ब्लैकमेलिंग के 40 हजार रुपये लेने के लिए जैसे ही आरोपियों ने पीडि़त व्यक्ति को गाड़ी में बैठाया और रुपए लिए उसी दौरान पुलिस की रेडिंग पार्टी ने आरोपियों को रंगे हाथ ब्लैक मेलिंग के 40 हजार रुपये लेते गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए लोगों में नछतर सिंह, मंगतराम और सूखा सिंह गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से उनकी गाड़ी भी कब्जे में ले ली गई है। तीनों आरोपियों से पूछताछ के बाद गैंग की मुखिया काल कौर उर्फ प्रीत को गिरफ्तार किया गया। डीएसपी ने बताया कि इस गैंग में दो और लोग शामिल बताए गए हैं। जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
