‘राम सेना’ से निष्कासित हुए तेज बहादुर, बोले- डर गई बीजेपी

बीएसएफ से बर्खास्त जवान तेज बहादुर यादव का एक और चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद मंगलवार को राम सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु विनोदम ने उन्हें निष्कासित कर दिया हैं. इस दौरान विष्णु विनोदम ने तेज बहादुर पर जमकर निशाना साधा. रामसेना के प्रमुख ने कहा कि तेज बहादुर यादव ने राम सेना को धोखा दिया है. तेज बहादुर के वायरल वीडियो पर विष्णु विनोदम ने कहा कि पीएम मोदी को जान से मारने की धमकी देना गलत है. उन्होंने कहा कि कुछ भी हो मोदी आखिर हमारे देश के प्रधानमंत्री है. तेजबहादुर मनोरोगी हैं, इसलिए ऐसी बातें करते हैं.
बता दें कि तेज बहादुर यादव पहले राम सेना के उपाध्यक्ष रह चुके हैं. न्यूज18 से बातचीत में तेज बहादुर ने बताया कि वीडियो वायरल करने के पीछे बीजेपी वालों की साजिश हैं. राम सेना से निष्कासित होने के सवाल पर तेज बहादुर ने कहा कि हमारी लड़ाई आगे भी जारी रहेगी. पीएम मोदी और बीजेपी डर गई है. इसलिए मेरे खिलाफ साजिश रच रही है. उन्होंने कहा कि हिम्मत हो तो मुझे गिरफ्तार करके दिखाए. मैं कही भागने वाला नहीं हूं.
यह पहला मौका नहीं है जब तेज बहादुर यादव का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है. सबसे पहली बार वो तब चर्चाओं में आए थे जब 2017 में बीएसएफ में भोजन की खराब गुणवत्ता को लेकर उनका एक वीडियो वायरल हुआ था. इसके बाद 5 मई को तेज बहादुर यादव का एक और वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वो अपने साथियों के साथ शराब पीते दिख रहे हैं.
