लिव इन रिलेशन में रह रहे युवक की महिला और उसके प्रेमी जीजा ने की थी हत्या;

खंडवा में एक महिला ने लीव इन में रह रहे युवक की अपने प्रेमी जीजा से मिलकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को तालाब में फेंक दिया। युवक साली और जीजा के प्रेम में रोड़ बनने लगा था। युवक के सिर पर पहले सिलबट्‌टा मारा और फिर ब्लेड से गर्दन पर वार किए गए। जब सांसें नहीं रुकी तो तकिए से गला घोंट दिया।

घटना सोमवार रात शहर के रामनगर के मल्टी की है। इसका खुलासा बुधवार को पुलिस ने किया। मल्टी में करीब दो साल से रह रहे संजय पुत्र तुलसीराम बामने (26) निवासी माता चौक की सोमवार रात तालाब में शव मिला था। उसकी हत्या धारदार हथियार से की गई थी। पुलिस ने जांच की तो मल्टी नंबर 15 में खून के धब्बों के निशान मिले। उसके साथ एक महिला लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी। पुलिस हिरासत में महिला ने अपने प्रेमी जीजा के साथ मिलकर युवक की हत्या करना स्वीकारा।

कोतवाली टीआई बीएल मंडलोई ने बताया मल्टी निवासी महिला ने 26 वर्षीय संजय को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया था। उसका वह इतना दीवाना हो गया कि अपने माता-पिता को छोड़ महिला को पत्नी बनाकर रहने लगा। महिला सहित उसके तीन बच्चों का खर्च ठीक चल रहा था। इस बीच उसके जीजा की पत्नी यानी महिला की बहन के बीच हुए विवाद में जीजा हकीम अकेला पड़ गया तो उसका आना-जाना मल्टी नंबर 15 में शुरू हो गया। घर में हकीम को देख संजय और महिला के बीच कई बार विवाद हुए।

इधर, महिला भी धीरे-धीरे संजय से छुटकारा पाने की कोशिश कर रही थी। महिला अपने जीजा हकीम के प्यार में दोबारा फंस गई। दोनों ने योजनाबद्ध तरीके से संजय को रास्ते से हटाने के लिए हत्या की स्क्रिप्ट तैयार की। सोमवार रात करीब एक बजे महिला ने जीजा के साथ मिलकर संजय की हत्या कर दी। संजय की गर्दन पर करीब सात वार किए। मल्टी के कमरे में खून ही खून हो गया। हत्या के बाद दो-तीन घंटे तक खून को पोंछा लगाकर साफ कर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया। खून से भरे कपड़े भी तालाब के आसपास फेंक दिए। लाश को बोरे में भर महिला और उसके प्रेमी ने उसे भी तालाब में फेंक दिया।

Leave a Reply