शहीद हरिश्चंद्र पाल का पूरे राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार

भोपाल । मध्यप्रदेश के वीर सपूत और भोपाल निवासी सीआरपीएफ के शहीद हवलदार हरिश्चंद्र पाल का आज पूरे राजकीय सम्मान के साथ नगर के सुभाषनगर विश्रामघाट पर अंतिम संस्कार किया गया। मध्यप्रदेश शासन की ओर से जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा ने शहीद श्रीपाल को श्रद्धा सुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के धमतरी के सल्लभाटा के जंगल मे नक्सलियों के हमले में श्रीपाल शहीद हो गए थे।आज उन की देह उनके निवास पर लाई गई। इस अवसर पर मध्यप्रदेश सशस्त्रबल द्वारा उन्हें सलामी दी गई।
बाद में शहीद हरिश्चंद्रपाल की सुभाषनगर विश्राम घाट पर राजकीय सम्मान के साथ अंत्येष्टि हुई जँहा हज़ारो नागरिकों ने नम आंखों से उन्हें विदाई दी। सभी ने भारत माता की जय और शहीद हरिश्चंद्र पाल अमर रहे के जय कारों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
इस अवसर पर जन संपर्क मंत्री शर्मा के अलावा पुलिस महानिदेशक वीकेसिंह, आईंजी,जयदीप प्रसाद, सीआरपीएफ के आईंजी प्रमोद कुमार पांडे, कलेक्टर डॉ.सुदाम खाड़े, डीआईजी विजय कुमार और इरशादवली भी विश्रामघाट पर मौजूद थे।
शहीद श्रीपाल के निवास पर पहुंच कर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, सांसद आलोक संजर स्थानीय विधयक श्रीमती कृष्णा गौर सहित अनेक जन प्रतिनिधियों गण्यमान्य जनों और भारी संख्या में उपस्थित नागरिकों ने भी शोक संवेदना व्यक्त की।
