शादी से इंकार करने पर युवक ने 8 साल छोटी 16 साल की किशोरी को मार डाला

राजकोट | राजकोट के जेतलसर गांव में 24 वर्षीय एक शख्स ने अपने से 8 साल छोटी किशोरी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी| एकतरफा प्यार करने वाला शख्स किशोरी से शादी करना चाहता था| लेकिन किशोरी के इंकार से बौखलाए शख्स ने उसे मार डाला| बहन को बचाने का प्रयास करने वाले किशोरी के भाई पर भी चाकू से वार कर उसे भी घायल कर दिया| राजकोट जिले की जेतपुर तहसील के जेतलसर गांव में 16 वर्षीय किशोरी सृष्टि किशोरभाई रैयाणी परिवार के साथ रहती थी| जेतलसर गांव में रहनेवाला 24 वर्षीय जयेश गिरधरभाई सरवैया किशोरी से एकतरफा प्यार करता था और उस पर शादी के लिए दबाव डालता था| किशोरी के लगातार इंकार के बावजूद जयेश आए दिन उसे परेशान करता रहता| जयेश से तंग आकर सृष्टि ने अपने माता-पिता से शिकायत कर दी| सृष्टि के पिता ने जयेश के पिता से मुलाकात की और अपने पुत्र को समझाने के लिए कहा| लेकिन जयेश पर इसका कोई असर नहीं हुआ और सृष्टि को तंग करता रहा| बताया जाता है कि जयेश के पिता गिरधर सरवैया ने बेटे से परेशान होकर पहले ही उसे घर से बाहर निकाल दिया था| बीते दिन किशोरी के माता-पिता घर से बाहर गए थे| सृष्टि अपने 14 वर्षीय भाई के साथ घर में अकेली थी| उस वक्त जयेश सृष्टि के घर में घुस गया और उसे घसीट कर बाहर ले आया| जयेश ने पहले सृष्टि पर शादी करने का दबाव डाला| लेकिन उसके इंकार से बौखलाए जयेश ने चाकू निकाला और सृष्टि पर एक के बाद एक ताबडतोब वार करने लगा| घर में मौजूद सृष्टि के 14 वर्षीय भाई ने जब अपनी बहन को बचाने का प्रयास किया तो जयेश ने भी उस पर चाकू से चार-पांच वार कर दिया| इस दौरान आसपास के लोग घटनास्थल पर जमा हो गए| जयेश ने उन लोगों पर हमले का प्रयास किया| किसी प्रकार लोगों ने सृष्टि के भाई हर्ष को बचा लिया| लेकिन सृष्टि को बचा नहीं पाए| जयेश ने सृष्टि पर चाकू से 32 जितने वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया और वहां से फरार हो गए| घटनास्थल पर पहुंची जेतपुर तहसील पुलिस ने मृतक शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और हत्या कर फरार आरोपी जयेश की तलाश तेज कर दी|
