संजीवनी क्लीनिक का शुभारंभ आज  

भोपाल। मुख्यमंत्री कमलाथ आज से प्रदेश में संजीवनी क्लीनिक का शुभारंभ करेंगे । मुख्य कार्यक्रम इन्दौर में आयोजित होगा जिसमें प्रथम चरण में प्रदेश के 7 जिलों भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर,उज्जैन, सागर एवं रीवा में 88 संजीवनी क्लीनिक आरंभ किये जायेंगे । सभी क्लीनिक दूरस्थ और निचली बस्तियों में बनाए गए हैं । भोपाल में प्रियदर्शनी नगर में आज शनिवार 7 दिसम्बर को प्रदेश के जनसम्पर्क मंत्री पी.सी.शर्मा संजीवनी क्लीनिक का शुभारंभ करेंगे । 
संजीवनी क्लीनिक स्वास्थ्य विभाग और नगरीय प्रशासन विभाग के संयुक्त अभियान के अंतर्गत शुरू किये जा रहे हैं । संजीवनी क्लीनिक नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा प्रदत्त सामुदायिक भवन में सुगह 10 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित होंगे । यह क्लीनिक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के अधीन संचालित होंगे । 
संजीवनी क्लीनिक में 68 प्रकार की लेबोरेटरी जांच और 120 प्रकार की दवायें मरीजों को नि:शुल्क प्रदान की जायेगी । संजीवनी‍क्लीनिक में मेडिकल आफीसर्स फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स, एएनएम, लेब टेक्निशियन, मल्टी टास्क वर्कर की टीम उपलब्ध रहेगी। क्लीनिक में आने वाले प्रत्येक मरीज का रजिस्ट्रेशन होगा और उसका डाटा का संधारण किया जायेगा। 
संजीवनी क्लीनिक में सामुदायिक भागीदारी के लिये आशा, एएनएम एवं महिला आरोग्य समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी । एक आशा प्रत्येक 2500 की जनसंख्या एवं एक एएनएम दस हजार की जनसंख्या पर जमीनी स्तर पर के केचमेंट एरिया में कार्यरत एएनएम एवं आशा कार्यकर्ता के द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं की प्राप्ति हेतु मरीजों/ हितग्राहियों को क्लीनिक पर रेफर किया जायेगा एवं क्लीनिक से आवश्यकतानुसार चिकित्सा लाभ हेतु उच्च स्वास्थ्य संस्थाओं पर रेफर किया जायेगा । इन सभी कर्मचारियों द्वारा ओपीडी सेवायें स्वास्थ्य, पोषण-जल, सफाई एवं स्वास्थ्य की अन्य गतिविधियों में सहयोग प्रदान किया जायेगा । आशा द्वारा गृह भ्रमण, यूएचएनडी, स्वास्थ्य केन्द्र का दौरा, महिला आरोग्य समिति की बैठक एवं रिकार्ड संधारण किया जायेगा । 

Leave a Reply