सीएम के इशारे पर भाजपा की सभाएं बिगाड़ रहे कलेक्टर, भाजपा ने की शिकायत

भोपाल। छिंदवाड़ा के कलेक्टर मुख्यमंत्री कमलनाथ के इशारे पर भारतीय जनता पार्टी की सभाएं बिगाड़ रहे हैं, ताकि पार्टी अपने उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार न कर सके। भारतीय जनता पार्टी ने छिंदवाड़ा कलेक्टर के बारे में यह शिकायत निर्वाचन आयोग से की है। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान एवं पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा के नेतृत्व में पार्टी का प्रतिनिधिमंडल मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय पहुंचा और इस संबंध में लिखित आवेदन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व मंत्री रामपाल सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष रामेश्वर शर्मा, विजेश लूणावत, महापौर आलोक शर्मा, निर्वाचन समिति संयोजक शांतिलाल लोढ़ा, सदस्य एस.एस. उप्पल, जिला अध्यक्ष विकास विरानी, भगवानदास सबनानी, सत्यार्थ अग्रवाल आदि शामिल थे।
पार्टी द्वारा निर्वाचन आयोग को दिए गए आवेदन में कहा गया है कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान 24 अप्रैल को सायं 05:30 बजे छिन्दवाडा जिले के उमरेठ में आयोजित सभा को संबोधित करने हैलीकॉप्टर से जाने वाले थे, लेकिन कलेक्टर ने हैलीकॉप्टर उड़ाने की अनुमति नहीं देकर षड्यंत्रपूर्वक सभाएं बिगाड़ने की कोशिश की। आवेदन में कहा गया है कि इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान को पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार ने इसी तरह रोका था और अब मुख्यमंत्री कमलनाथ के इशारे पर छिंदवाड़ा कलेक्टर ऐसा ही कर रहे हैं। आवेदन में कहा गया है कि लोकतंत्र में सभी को प्रचार करने का अधिकार है, लेकिन छिंदवाड़ा कलेक्टर द्वारा  जानबूझकर षड्यंत्रपूर्वक हमारी सभाएं बिगाड़ने की कोशिश की गई।
आयोग को दिए गए आवेदन में कहा गया है कि पूर्व मुख्यमंत्री जी के कार्यालय द्वारा दिनांक 23.04.2019 को टूर प्रोग्राम क्रमांक 2019/054, कलेक्टर छिंदवाडा को भेजा गया था, जिसमें शाम 5.00 बजे गुड़मंडी से हैलीकॉप्टर द्वारा शाम 5.30 बजे उमरेठ पहुंचने का उल्लेख था। लेकिन कलेक्टर ने शाम 5.00 बजे हैलीकॉप्टर उड़ने की अनुमति नहीं दी। पार्टी के जिला अध्यक्ष द्वारा इस बारे में लिखित अनुरोध किए जाने के बावजूद कलेक्टर ने मामले को टाले रखा। कलेक्टर छिंदवाड़ा ने डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन के आदेशों का हवाला देते हुए कहा कि शाम 5.00 बजे के बाद हैलीकॉप्टर उड़ाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। जबकि विजुअल फ्लाइट रूल्स के बिंदु 4.3 में प्रावधान है कि ‘‘सूर्योदय  के 20 मिनट पूर्व एवं सूर्यास्त के 20 मिनट पश्चात् तक उडने की अनुमति दी जा सकती है। पत्र में कहा गया है कि कलेक्टर छिंदवाडा द्वारा उड़ान की अनुमति नहीं देकर निर्वाचन प्रकिया को गंभीर क्षति पहुंचाई गई है। पार्टी ने मांग की है कि इस मामले में कलेक्टर छिंदवाडा के विरूद्ध कार्रवाई जाए एवं उन्हें पद से हटाते हुए भविष्य में भी निर्वाचन प्रकिया से बाहर रखा जावे। पार्टी ने इस घटनाक्रम के पीछे किसी राजनीतिक षडयंत्र की आशंका जताते हुए जांच की मांग भी की है।

Leave a Reply