सेवा का माध्यम होना चाहिए राजनीति-मुख्यमंत्री बघेल

जगदलपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि राजनीति का उद्देश्य आम जनता की तकलीफों को दूर करने, उनके सुख-दुख में सहभागी बनने एवं सेवा माध्यम होना चाहिए। मुख्यमंत्री श्री बघेल अपने जगदलपुर के प्रवास के दौरान 25 जनवरी को रात्रि में पुलिस कोआर्डिनेशन सेन्टर लालबाग में आयोजित ’मावा बस्तर बेरसिंता बस्तर’ कार्यक्रम के दौरान नारायणपुर जिले के विद्यार्थी बुधराम के सवालों का जवाब दे रहे थे। इस दौरान विद्यार्थी श्री बुधराम ने मुख्यमंत्री के समक्ष नेता बनने की इच्छा जाहिर की और नेता बनने के लिए जरूरी गुण एवं आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने छात्र बुंधराम को इसके लिए आवश्यक गुण एवं कार्य के संबंध में जानकारी दी। श्री बघेल ने कहा कि नेता बनने के लिए व्यक्ति को आम जनता से सतत एवं जीवंत संपर्क स्थापित कर उनके समस्याओं के निराकरण के लिए सदैव प्रयत्नशील रहना चाहिए। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि विश्वास, विकास एवं सुरक्षा छत्तीसगढ़ सरकार का मूल मंत्र है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार इस दिशा में निरतंर कार्य कर रही है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री बघेल ने पुलिस कोआर्डिनेशन सेन्टर में नव निर्मित आडिटोरियम का लोकार्पण भी किया। इस दौरान विधायक जगदलपुर श्री रेखचंद जैन, विधायक चित्रकोट श्री राजमन बेंजाम, संभाग आयुक्त श्री अमृत कुमार खलखो, आईजी श्री पी. सुन्दरराज, कलेक्टर डाॅ. अय्याज तम्बोली, एसपी श्री दीपक झा भी विशेष रूप से उपस्थित थे। 
मुख्यमंत्री बघेल ने बीजापुर जिले के विद्यार्थी कुमारी सरीता के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन के दौरान वे भी अपने शिक्षकों से खूब डांट खाई है। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई भी विद्यार्थी नहीं होगा जो अपने शिक्षकों से डांट न खाया हो। इस दौरान उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन के रोचक संस्मरण भी सुनाएं। मुख्यमंत्री श्री बघेल को सुकमा जिले के विद्यार्थी सुजल बिशेन एवं कुमारी सुशीला ने भी प्रश्न पूछा। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के सभी सवालों का जवाब पूरी संजिदगी देते हुए विद्यार्थियों के जिज्ञासाओं का समाधान करने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ सरकार के विजन को भी स्पष्ट किया। 
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आदिवासी बच्चों को शिक्षा पूरी होने के बाद उनके लिए रोजगार तथा स्वरोजगार की पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा किए गए उपायों के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा कनष्ठि चयन बोर्ड के माध्यम से तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदों पर बस्तर एवं सरगुजा संभाग में स्थानीय लोगों की भर्ती की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। इसके अलावा युवाओं को स्थानीय परिवेश एवं आवश्यकताओं के अनुसार स्वरोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने बच्चों को जीवन मे आगे बढ़ने के लिए ज्ञानवर्धक जानकारियां भी दी। 
 बघेल ने कहा कि संविधान निर्माता डाॅ. बाबा सहाब अम्बेडकर के अथक प्रयासों से हमे दुनिया का सर्वश्रेष्ठ एवं लिखित संविधान प्राप्त हुआ है। दुनिया के बहुंत कम देशों के पास लिखित संविधान है। इस दौरान उन्होंने हमारे सात मौलिक अधिकारों की भी जानकारी दी। श्री बघेल ने कहा कि हमारे बच्चों को संविधान की जानकारी देने के लिए राज्य के स्कूलों में भारतीय संविधान के प्रस्तावनों को अनिवार्य रूप से पढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम सभी को संविधान की जानकारी अनिवार्य रूप से होनी चाहिए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्कूली बच्चों के साथ भोजन भी किया और ’ये देश है वीर जवानों का’ की देशभक्तिपूर्ण धुन पर बच्चों के साथ थिरके।

Leave a Reply