हिसार में दो बच्चों के पिता की हत्या, सड़क पर फेंका शव

हिसार। हांसी उपमंडल के गांव खरकड़ा में जमावड़ी पुलिया के निकट सुबह एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। ग्रामीणों ने शव को देखा और पुलिस को सूचना दी। मृतक की पहचान 32 वर्षीय ढाणी केंदू निवासी मुख्तयार सिंह के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ढाणी केंदू निवासी मुख्तयार सिंह मजदूरी का काम करता था। पुलिस को दी शिकायत में मृतक के भाई संदीप ने कहा कि वह गांव में ही अपने ताऊ के मकान में काम कर रहा था व उसके पास बार-बार किसी का फोन आ रहा था। वह शाम करीब चार बजे अपनी माँ के पास चाय पीकर घर से ढाणा जाने की बात कहकर निकला था। परिजनों के अनुसार शाम 7 बजे मुख्तायर को फोन किया तो उसने एक घंटे में घर आने की बात कही थी।
इसके कुछ देर बाद साढ़े 8 बजे फोन किया तो किसी अन्य युवक ने फोन अटेंड किया और कहा कि मुख्तयार लकड़ी उतारने का काम कर रहा है, अभी आधे घंटे में फ्री होगा। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया। पूरी रात स्वजन मुख्तयार की तलाश में भटकते रहे व सुबह 11 बजे उन्हें मुख्तयार का शव खरकड़ा गांव में सड़क किनारे पड़ा होने की सूचना मिली। शव के गले पर निशान थे और मोबाइल भी दूर खेतों में पड़ा मिला। मृतक अपने पीछे दो बच्चों व पत्नी को छोड़ गया है। सदर थाना इंचार्ज कश्मीरी लाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गला घोंटकर हत्या की गई है। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
