15 राज्यों में रिकवर होने वाले लोगों की संख्या नए संक्रमितों से भी ज्यादा; दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट घटी

कोरोना के नए मरीजों के लिहाज से शुक्रवार का दिन राहत भरा रहा। देश के 15 राज्यों में एक दिन में नए मरीजों से अधिक संख्या रिकवर होने वाले मरीजों की रही। ये राज्य हैं- महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, गुजरात, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, बिहार, तेलंगाना, पंजाब, असम, जम्मू और कश्मीर, हिमाचल, गोवा और चंडीगढ़।

वहीं देश में गुरुवार के मुकाबले 9,535 कम यानी 3,33,609 नए मरीज मिले। वहीं रिकवर होने वाले मरीजों की संख्या इससे अधिक 3,63,294 रही। हालांकि मौतों के आंकड़ों में तेजी बनी हुई है। शुक्रवार को एक बार फिर 4,050 मौतें दर्ज की गईं। शुक्रवार को महाराष्ट्र में भी नए मरीजों में कमी देखी गई। राज्य में 39,923 मरीज ही मिले।

दिल्ली में संक्रमण दर 23 दिन में 36% से घटकर 12% रह गई

दिल्ली में 23 दिन पहले 36.2% की संक्रमण दर से 26,169 मरीज मिले थे। शुक्रवार को यह दर घटकर 12 फीसदी रह गई। नए मरीजों का आंकड़ा भी 8,500 हो गया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को बताया, अस्पतालों में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या कम हो गई है।

Leave a Reply