लोक अभियोजन संचालनालय के 104 कर्मियों का अटैचमेंट खत्म

भोपाल।लोक अभियोजन संचालनालय के निदेशक विजय यादव ने 104 कर्मियों का अटैचमेंट खत्म करने के आदेश जारी कर दिये हैं। इन्हें पिछले निदेशक पुरुषोत्तम शर्मा के कार्यकाल में अटैच किया गया था। ये अटैचमेंट बिना शासन की अनुमति के किये गये थे। इनमें सात डीपीओ एवं एडीपीओ तथा 97 कर्मचारी शामिल हैं।
जारी आदेश के अनुसार, रीवा के डीपीओ संजीव श्रीवास्तव को पहले धार, फिर नीमच एवं बाद में दतिया अटैच किया गया जबकि दतिया के डीपीओ पुष्पेन्द्र गर्ग को छतरपुर, पन्ना के एडीपीओ प्रवीण सिंह को छतरपुर, हरदा के डीपीओ आशाराम रोहित को खण्डवा, रतलाम के एडीपीओ विजय कुमार पारस को इंदौर, खण्डवा की एडीपीओ श्रीमती रजनी सिंह को जीआरपी इंदौर तथा इंदौर के एडीपीओ संजय कुमार मीना को धार अटैच किया गया था। इसी प्रकार, 97 अन्य कर्मचारियों को भी विभिन्न जिलों में अटैच किया गया था। अब इन सबके अटैचमेंट आदेश निरस्त कर उन्हें उनकी मूल पदस्थापना पर भेज दिया गया है।
