आज से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि के आसार

जयपुर. राजस्थान के मौसम में बदलाव (Changes in weather) का दौर जारी है. मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मेघगर्जन के साथ बारिश होने के आसार जताए हैं. कुछ इलाकों में ओलावृष्टि (Hailstorm) भी हो सकती है. मौसम में हो रहे बदलावों के चलते मौसमी बीमारियों के मामलों में भी इजाफा हो रहा है.मार्च महीने के शुरू होने के साथ ही प्रदेश की फिजां पूरी तरह से बदल गई है. राजस्थान के लगभग सभी इलाकों के दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. आलम यह है कि सभी जगहों पर तापमान 35 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है. इस बीच पश्चिमी विक्षोभ भी लगातार सक्रिय हो रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार से प्रदेश में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है. उसके कारण से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मेघगर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार 12 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ का असर ज्यादा रह सकता है.
इन जिलों में रहेगा असर
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का असर अजमेर, जयपुर, कोटा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, झुंझुनूं, करौली, सीकर, टोंक, उदयपुर, राजसमंद, सिरोही, चूरू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और नागौर जिले में ज्यादा नजर आ सकता है. इन इलाकों में मेघगर्जन के साथ बारिश की संभावना है. कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है.
मौसमी बीमारियों के बढ़े मामले
फिलहाल तापमान में बढ़ोतरी के कारण घरों और ऑफिसेज में पंखे और एसी शुरू हो चुके हैं. दिन में तेज धूप परेशान कर रही है तो रात को ठंडक के कारण मौसमी बीमारियों के मामले भी बढ़ते जा रहे हैं. कोरोना काल के बाद अब अस्पतालों में सामान्य मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है. ज्यादातर मामले सर्दी जुकाम के सामने आ रहे हैं. चिकित्सकों के अनुसार बदलते मौसम में स्वास्थ्य का खयाल रखना आवश्यक है.
